सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

पंकज सिंह की कुछ कविताएँ

पिछले दिनों मैं ने पंकज सिंह की कविताओं पर लिखा। वे मेरे प्रिय कवियों में रहे हैं। अपने समकालीनों में वे कहीं अधिक यथार्थवादी और काव्यात्मक रहे हैं। एक राजनीतिक कवि के रूप में उनकी कविताएँ ज्यादा टिकाऊ और प्रासंगिक ठहरती हैं। ऐसा शायद इसलिए है कि वे प्रतिकूल समय में भी सैद्धांतिक निष्ठा और अपने संकल्प से शक्ति अर्जित करते हैं। उनकी कविताओं में वैयक्तिक अनुभूतियाँ और व्यापक संलग्नता ऐकमेक है। इसीलिए उनकी कविताओं के निहितार्थ और प्रभाविता नये सिरे से आलोकित हैं। उनके तीन प्रकाशित संकलनों से किन्हीं कविताओं का चयन आसान नहीं है। निश्चय ही, प्रस्तुत कविताओं में मेरी पसंदगी और अन्यान्य आग्रह रहे हैं।         
           - राजाराम भादू








१. हम घिरे हैं गिरे नहीं

वह कौन है, मेधा? मोमबत्ती ढूंढती हुई अंधकार में
अपनी ही प्रति- छाया सी
किसी गोपनीय शाप का दूसरा सिरा थामे

खुद को भरसक बचाना है खीझ से उदासी के जहर से
रहने दो, रहने दो अभी, मैं कहता हूँ
अंधेरे में व्यर्थ की टकराहटों का, चोट खाने का अंदेशा है
रहने दो फिलहाल रहने दो
हमें इंतजार की ताकत सिरजनी चाहिए
जिंदा रह पाने की जुगत करते हुए धीरज के संग
कई बार चमकता है वही धीरज बीजगर्भित
नींद की राह में
किसी दुर्लभ स्वप्न के आरंभ की मानिंद

हम एक दूसरे को प्रशान्त स्वर में बताते हैं
कि हम घिरे हैं
गिरे नहीं
डर और लालसा की बजबजाहट में।









२. शर्म

डरी हुई हैं बेशुमार भली स्त्रियाँ
डरे हुए हैं बेशुमार बच्चे

कागज पर कलम लेकर झुके लोगो
यह कितनी शर्म की बात है

३. जब कुछ पैसे आयेंगे

आयेगा लिखने का बढिया कागज
घर में आयेंगी अच्छी चाय की पत्तियाँ
और अफसोस के कोहरे में डूबती- उतराती किताबें
जिन्हें खरीदना मुमकिन नहीं है आजकल

आयेगा खाने- पीने का सामान

अगर सेहत के लिए नहीं
तो खीझे हुए डाक्टर से संबंध बचाने के लिए
आयेंगी महीनों से टल रही दवाएं

हो सकता है लिखने की टेबिल आ जाये
साथ- साथ कम से कम एक अदद कुर्सी

जब कुछ पैसे आयेंगे
रात- रात भर होंगी तेज बहसें मुसलसल
आयेगी दोस्तों के लिए राजस्थानी शराब की एक बोतल

पैसे आयेंगे
जैसे एक अच्छे दिन की शुरुआत में
आती हैं गाती हुई भोर की चिड़िया

आयेगी थोडी निश्चिंतता
और
नींद









४. लान की घास

मसालेदार राल से सने नैपकिन चुसी हुई हड्डियां
व्यर्थ हो चुके अन्न के दाने
मुस्कुराहटों के खोखल
हटाये जाते हैं सलीके से सुबह- सुबह
कोई माली तल्लीन धोता है फुहारों से घाव

संपन्न घास है हरी और सघन संवरी- संवरी नगर में
शाम की रोशनी में एक- एक पत्ती दिखती है
पिघले कुन्दन में नहायी हुई नये रात्रिभोज की प्रतीक्षा में

हरीतिमा यह गाती नहीं है धान गेहूँ या बाजरे की फसलों सी
चांदरातों के उफनते समुद्रों से आते हैं नायक यहाँ
सदियों से एक सी मुद्राओं वाले
झूठ के सुनहरे हथियार लिए
जिन पर ताजा आखेट का रक्त होता है

वह एक रोमांचक दृश्य होता है कुलीन स्रियों के  लिए
जिनकी खुशबुएं हवाओं में आग लगाती हैं

आहार चलता है देर गये तक रात में
घास का लगातार चुप रहना रहस्य है
जबकि उसकी जडोंं के पास उग रहा है जोखिम

५. दाम्पत्य

रोटी और साहस कठोरता और कायरता
उन्माद और विवेक बेसुध प्रेम और व्यावहारिकता के बीच
काली चट्टानों से टकराता
गिरता और उठता खुद को साधता
अपने दर्प और यंत्रणा में हिंस्त्र पशु सरीखा चक्कर लगाकर
रात गये बिस्तर पर ढहता है पुरुष

अपने हिस्से का रचने के बाद
सब कुछ सहेज संवार
आती है स्त्री
अपनी उदार करुणा के जल से धोती है
उसके घावों को

फिर अकेली हो जाती है स्त्री अपने साथ

नदी और पृथ्वी होती हुई बार- बार
हंसती है स्त्री एक सूखी हंसी नीरव
जिसमें
सब समझे बैठे का पश्चातापहीन धीरज है

उसी से चलता है सारा कार्य व्यापार
बिना किसी नाटकीयता के स्वाभाविक गति में
जिसे कई लाख साल से ग्रस नहीं पायी है मृत्यु



६. बचपन। गाँव। घोंसला। रात

मोर नाचते हैं शीशम के जंगल में
डालों के झुरमुट में घूमता है
बूढा चौकीदार- पूरनमासी का चांद

परती के बीच एक घर है
जहाँ बच्चे सोये हैं
जहाँ मां सोयी है
लटक आते हैं छप्पर से गेहुंअन करइत

जहाँ आंगन में रात भर चमकती है एक कुदाल

७. अविनय अनुनय कोई

एक दृश्य ओझल हो गया जिसमें मेरा बेटा था

एक दृश्य गुम हो गया जिसमें मेरी मां थी

कितनी अक्षौहिणी सेनाएँ लिये आते हो जीवन
कितना रक्त चाहिए
कितना रक्त
एक आदमी से

होने दो उसे उतना सा वह
कम- से- कम
जो उसे होना
( ही )
है।







८. न लिखी गयी कविताएँ
ओस की तरह जो हमारे अस्तित्व में झरती हैं
अतलान्त कोहराम में
कविताएँ
रोजमर्रा की धूप में गुम हो जाती हैं

लेकिन छोड जाती हैं
जंगली हथिनियों सी भारी पांवों के निशान
शब्दों की गूंज
मधुमक्खियों के आवारा गीतों सी रहस्यभरी

हम उनकी छायाओंं को तलाशते हैं रात- बिरात
मशालों की रोशनी में

हमारे थके संवलाये हाथ उन्हें बुलाते हैं
एक अपमानित भाषा में प्रकट होने को

९ . जिनके घर बार- बार ढह जाते हैं

जो घूमते हैं ढोर- डंगरों की तरह,
विश्वविद्यालय अस्पताल सरकारी कार्यालयों की ईंटें जोडते
शहर- दर- शहर

जो हांक दिये जाते हैं दिल्ली से चंडीगढ़ भोपाल से कलकत्ता
चटकलों में जो पीछे छूटे खेतों की याद लिये खटते हैं

जिनके मोह टूट जाते हैं
गाँव गंवई से होली दीवाली से
डबरे पोखरों से
जो आते हैं शहरों में आदमशक्ल पशुओं से
कातर और बीमार
जो गिरते हैं किसी अधबने स्काईस्क्रैपर से
और जो अखबार में नहीं दीखते

उनके लिए कहीं नहीं हैं पालनकर्ता नारायण

रहस्यभरी मुस्कानों वाले सफल लोग कर्णधार पत्रकार
नहीं देखते उन्हें और वह आकाश उनमें फैलता
जहाँ से गायब हो रही है सांझों की रामधुन
नाचते हैं गट्ठिल सूखे कंकाल उस आकाश में
भूमि से उखडे क्रुद्ध ठूंठों की तरह

बहुत जल है वहाँ बहुत आग है
बहुत कुछ ध्वस्त करने को बहुत उगाने को
रचने को
वहीं कल में गूंजती हमारी कजरी है
वहीं हमारा फाग है

जिनके हाथ एक दिन सब कुछ कर जाते हैं
जो घूमते हैं ढोर- डंगरों की तरह









१०. स्त्री

पार्टी की रात्रि पाठशाला में
जाती है एक किसान स्त्री
पता नहीं ठीक- ठीक कहां होगा इन दिनों
उसका पति कैसे- कैसे खतरों से घिरा

उलझती-छूटती मन में, रन में, वन में
वह लिपि का अभ्यास करती है
बायां हाथ सो चुके बच्चे के सिर पर
घूमता है सहज गति में धीमे- धीमे

लिपि के जरिए उस तक जायेंगे विचार
ज्यों स्मृति को जरा सा टकोरते ही
उस गये हुए का प्यार।

११. मैं आऊंगा

गेरू से बनाओगी तुम फिर
इस साल भी
घर की किसी दीवार पर ढेर- ढेर फूल
और लिखोगी मेरा नाम

चिन्ता करोगी
कि कहां तक जायेंगी शुभकामनाएं
हजारों वर्गमील के जंगल में
कहां - कहां भटक रहा होऊंगा मैं
एक खानाबदोश शब्द सा गूंजता हुआ

शब्द सा गूंजता हुआ
सारी पृथ्वी जिसका घर है

चिन्ता करोगी
कब तक तुम्हारे पास लौट पाऊंगा मैं
भाटे के जल सा तुम्हारे बरामदे पर

मैं महसूस करता हूं
तुलसी चबूतरे पर जलाये तुम्हारे दिये
अपनी आंखों में
जिसमें डालते हैं अनेक- अनेक शहर
अनेक- अनेक बार धूल

थामे- थामे सूरज का हाथ
थामे हुए धूप का हाथ
पशम की तरह मुलायम उजालों से भरा हुआ

मैं आऊंगा चोटोंं के निशान पहने कभी

चित्र- मनमोहन भारती

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सर्वेश्वर की भेडिया और हिंस्र शंक्लें - राजाराम भादू

पूर्वकथन : लीलाधर मंडलोई ने वर्तमान साहित्य के शताब्दी कविता विशेषांक ( मई- जून,२०००) का संपादन किया था। इसमें शताब्दी की कुछ चुनी हुई कविताओं पर समीक्षात्मक टिप्पणियाँ व लेख हैं जो अलग- अलग लोगों से लिखवाये गये थे। मैं ने सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की भेडिया श्रृंखला पर लिखा था। इसे उलटते- पलटते लगा कि यह आज तो और भी मौजूं है। भगतसिंह की जेल में लिखी डायरी- ए मार्टायर्स नोटबुक ( इंडियन बुक क्रानिकल) का हिन्दी अनुवाद आ चुका है- शहीदे- आजम की जेल नोटबुक ( परिकल्पना प्रकाशन, लखनऊ)। इसमें भगतसिंह द्वारा मूल पृष्ठ ३९ में तिरछे लिखी ये पंक्तियां उद्धृत हैं- महान इसलिए महान हैं क्योंकि हम घुटनों पर हैं  आओ उठ खडे हों। पंक्तियों के लेखक का नाम नहीं है, बहुत संभव है ये स्वयं भगतसिंह की लिखी हों। सर्वेश्वर की इन कविताओं को पढते हुए मुझे लगता है, ये महानता के विरुद्ध साधारण जनों को उठ खडे होने के लिए आह्वान करती कविताएँ हैं। सर्वेश्वर दयाल सक्सेना ने अपनी काव्य- यात्रा सोच के जिस धरातल से शुरू की थी, बाद में वे लगभग उसके विपरीत छोर पर छोर पर पहुँच गये थे। यहां वे आततायी शक्तियों के प्रतिपक्...

कवि व्यक्तित्व-तारा प्रकाश जोशी

स्मृति-शेष हिंदी के विलक्षण कवि, प्रगतिशील विचारों के संवाहक, गहन अध्येता एवं विचारक तारा प्रकाश जोशी का जाना इस भयावह समय में साहित्य एवं समाज में एक गहरी  रिक्तता छोड़ गया है । एक गहरी आत्मीय ऊर्जा से सबका स्वागत करने वाले तारा प्रकाश जोशी पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत एवं आधुनिकता दोनों के प्रति सहृदय थे । उनसे जुड़ी स्मृतियाँ एवं यादें साझा कर रहे हैं -हेतु भारद्वाज ,लोकेश कुमार सिंह साहिल , कृष्ण कल्पित एवं ईशमधु तलवार । कवि व्यक्तित्व-तारा प्रकाश जोशी                                           हेतु भारद्वाज   स्व० तारा प्रकाश जोशी के महाप्रयाण का समाचार सोशल मीडिया पर मिला। मन कुछ अजीब सा हो गया। यही समाचार देने के लिए अजमेर से डॉ हरप्रकाश गौड़ का फोन आया। डॉ बीना शर्मा ने भी बात की- पर दोनों से वार्तालाप अत्यंत संक्षिप्त  रहा। दूसरे दिन डॉ गौड़ का फिर फोन आया तो उन्होंने कहा, कल आपका स्वर बड़ा अटपटा सा लगा। हम लोग समझ गए कि जोशी जी के जाने के समाचार से आप कुछ अस...

हाशिये के समुदाय तीन इतिवृत्त

हाशिये के समुदायों पर सामाजिक सांस्कृतिक सामग्री का नितांत अभाव मिलता है। आदिवासी समुदायों पर भारतीय नृतत्वशास्त्र सर्वेक्षण के अन्तर्गत कुछ मोनोग्राफ प्रकाशित हुए हैं। लेकिन ये दशकों पुराने हैं और इन्हें अद्यतन नहीं किया गया है। जबकि अनुसूचित जातियों में कुछ समुदायों ने अपनी ही पहल पर लेखन का प्रयास किया है। ऐसे कुछ दस्तावेजों को सामाजिक अध्येता बद्रीनारायण ने गोविन्द बल्लभ पंत सामाजिक शोध संस्थान, झुंसी, इलाहाबाद के दलित संदर्भ केन्द्र में एकत्रित कराया है। लेकिन ऐसे समुदाय जो आदिवासी व दलित श्रेणियों में भी निचले पायदान पर हैं अथवा इनसे बाहर हैं और जिन्हें प्रायः घूमन्तू- अर्ध घूमन्तू कहकर अभिहित किया जाता है, उनके अतीत व वर्तमान को लेकर प्रामाणिक जानकारियों का लगभग अभाव है। इस दिशा में गंभीर प्रयास कम से कम मेरी जानकारी में तो नहीं हैं। ऐसे में जोधपुर के प्रो. नेमीचंद बोयत के कार्य की व्यापक सराहना होनी चाहिए। इन्होंने हाशिये के समुदायों पर तीन किताबें लिखी हैं: पहली - इतिहास के पन्नों में मेहतर, वाल्मीकि एवं चाण्डाल ; दूसरी - इतिहास के झरोखे में सांसी और तीसरी इतिहास के आइने में ब...

कथौड़ी समुदाय- सुचेता सिंह

शोध कथौडी एक ऐसी जनजाति है जो अन्य जनजातियों से तुलनात्मक रूप से पिछड़ी और उपेक्षित है। यह अल्पसंख्यक जनजाति महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के कुछ अंचलों में छितरायी हुई है। दक्षिण राजस्थान में इनके हालात प्रस्तुत कर रही हैं अध्येता सुचेता सिंह। दक्षिण राजस्थान के आदिवासी क्षेत्र में कथौड़ी जनजाति है जो वहां रहने वाली जनजातियों में सबसे कम संख्या में है। एक शोध रिपोर्ट के अनुसार इस जनजाति समुदाय की वृद्धि दर दशक वार घट रही है। 'ये लोग कैथ के पेड़ से कत्था निकालने का काम करते थे जो पान में लगाया जाता है इसलिए इनका नाम कथौड़ी पड़ा।' वैसे ये लोग कत्था बनाने के साथ-साथ बहुत से वन सम्बन्धी कार्य करते हैं, जैसे-बांस कटाई एवं दुलाई, वृक्ष कटाई, वन उपज संग्रहण, वन्य जीव आखेट, हाथ औजार निर्माण तथा वन औषध उपचार आदि। राजस्थान में इन लोगों का इतिहास कोई अधिक पुराना नहीं है। इन्हे महाराष्ट्र से इस क्षेत्र में कत्था उत्पादन और वन कटाई के लिए लाया गया। ऐसा अनुमान है कि जंगल के ठेकेदार इन्हे कोंकण महाराष्ट्र से यहां लेकर आये। ऐसा लगता है कि पूर्व में भी ये घुमक्कड़ जीवन जीते थे। इनकी बसाहटें म...

सबाल्टर्न स्टडीज - दिलीप सीमियन

दिलीप सीमियन श्रम-इतिहास पर काम करते रहे हैं। इनकी पुस्तक ‘दि पॉलिटिक्स ऑफ लेबर अंडर लेट कॉलोनियलिज्म’ महत्वपूर्ण मानी जाती है। इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्यापन किया है और सूरत के सेन्टर फोर सोशल स्टडीज एवं नेहरू मेमोरियल लाइब्रेरी में फैलो रहे हैं। दिलीप सीमियन ने अपने कई लेखों में हिंसा की मानसिकता को विश्लेषित करते हुए शांति का पक्ष-पोषण किया है। वे अमन ट्रस्ट के संस्थापकों में हैं। हाल इनकी पुस्तक ‘रिवोल्यूशन हाइवे’ प्रकाशित हुई है। भारत में समकालीन इतिहास लेखन में एक धारा ऐसी है जिसकी प्रेरणाएं 1970 के माओवादी मार्क्सवादी आन्दोलन और इतिहास लेखन में भारतीय राष्ट्रवादी विमर्श में अन्तर्निहित पूर्वाग्रहों की आलोचना पर आधारित हैं। 1983 में सबाल्टर्न अध्ययन का पहला संकलन आने के बाद से अब तब इसके संकलित आलेखों के दस खण्ड आ चुके हैं जिनमें इस धारा का महत्वपूर्ण काम शामिल है। छठे खंड से इसमें संपादकीय भी आने लगा। इस समूह के इतिहासकारों की जो पाठ्यवस्तु इन संकलनों में शामिल है उन्हें ‘सबाल्टर्न’ दृष्टि के उदाहरणों के रुप में देखा जा सकता है। इस इतिहास लेखन धारा की शुरुआत बंगाल के...

नरक में मोहलत -प्रणव प्रियदर्शी

कहानी प्रणव प्रियदर्शी की एक लंबी कहानी हम पहले मीमांसा में दे चुके हैं जिसे काफी सराहना मिली थी। उनकी यह कहानी प्रिन्ट मीडिया में प्रविष्ट पतनशीलता को उद्घाटित करती है। वैसे तो भारत के समूचे मीडिया का ही चरित्र बदल गया है। लेकिन यह बदलाव एक सच्चे आदमी की नैतिकता में कैसे सेंध लगाता है, यह कहानी इस परिघटना का विचलित कर देने वाला आख्यान है। नरक में मोहलत प्रणव प्रियदर्शी घर से निकलते समय ही अनिता ने कहा था, ‘बात अगर सिर्फ हम दोनों की होती तो चिंता नहीं थी। एक शाम खाकर भी काम चल जाता। लेकिन अब तो यह भी है। इसके लिए तो सोचना ही पड़ेगा।’ उसका इशारा उस बच्ची की ओर था जिसे अभी आठ महीने भी पूरे नहीं हुए हैं। वह घुटनों के बल चलते, मुस्कुराते, न समझ में आने लायक कुछ शब्द बोलते उसी की ओर बढ़ी चली आ रही थी। अनिता के स्वर में झलकती चिंता को एक तरफ करके अशोक ने बच्ची को उठा लिया और उसका मुंह चूमते हुए पत्नी अनिता से कहा, ‘बात तुम्हारी सही है। अब इसकी खुशी से ज्यादा बड़ा तो नहीं हो सकता न अपना ईगो। फिक्कर नॉट। इस्तीफा वगैरह कुछ नहीं होगा। जो भी रास्ता निकलेगा, उसे मंजूर कर लूंगा, ऐसा भी क्या है।’ बच...
रंगमंच समकालीन हिंदी रंगमंच और राजस्थान -2                                         राघवेन्द्र रावत  अंग्रेजों के आने के साथ साथ ही पाश्चात्य संस्कृति और साहित्य का प्रभाव भारतीय जनमानस पर पड़ने लगा था | जैसे जैसे औपनिवेशिक काल में औद्योगिक विकास होता गया मध्य वर्ग का उदय हुआ | जिसके पास ऊँचाइयाँ छूने के सपने थे तो असफलता से नीचे जाने का डर भी था | धार्मिक नगरों के रूप में बनारस, उज्जैन हरिद्वार आदि विकसित हुए वहीँ औद्योगिक नगरों के रूप में बम्बई, कलकत्ता, मद्रास. भिलाई और जमशेदपुर जैसे नगर विकसित होते गए | इन नगरों में गाँव से मजदूर जीविकोपार्जन की तलाश में विस्थापित हुए | वहां उनके लिए जीविका के साथ साथ अपनी संस्कृति, बोली और घर की तलाश एक अहम् मुद्दा बन कर उभर रही थी |  यूरोप में नार्वे के प्रसिद्ध नाटककार हेनरिक इब्सन के नाटकों में यही मध्य वर्ग दिखाया जाने लगा | इब्सन के नाटकों में यथार्थवाद की अवधारणा का उदय हो चुका था | उनके नाटक ‘अ डॉल्स हाउस(1879)’,’घोस्ट्स’ (1881) तथा ‘ए...

गांव की स्मृतियाँ - ज्ञान चंद बागड़ी

भूमंलीकरण और आर्थिक उदारवादी नीतियों ने गाँव, कृषि और पारंपरिक उद्यमों का भयावह हाशियाकरण किया है। कथाकार ज्ञानचंद बागडी अपनी स्मृतियों के गाँव को प्रस्तुत कर रहे हैं। ऐसा नहीं कि अतीत का वह गाँव कोई आदर्श था लेकिन जिस तरह बदलाव आया, वह भी सहज नहीं कहा जा सकता। इसी संदर्भ में ये संस्मरण- लेख मीमांसा में प्रस्तुत किया जा रहा है। मेरा गाँव मेरे लिए दुनिया की सबसे सुंदर जगह है , जहां मेरा बचपन बीता था । गाँव और बचपन की स्मृतियाँ  मुझे रोमांचित कर देती हैं । दिल करता है कि उड़कर गाँव पहुंच जाऊं । यही कारण है कि समय निकालकर वहां जाता रहता हूँ । वहां बिताये हुए कुछ ही दिन मुझे पूरे साल के लिए ऊर्जा प्रदान करते हैं । मेरे लिए गाँव का मतलब है प्रकृति का साथ , खेत-खलिहान ,  जहाँ सुबह आपकी आँख मुर्गे की बांग या किसी पशु के रंभाने से खुले , जहां मोर नाचते हों , झिंगुरों की आवाज सुनी जा सके , रात में एक-एक तारा साफ दिखाई दे , अंधेरे का संगीत और सन्नाटा सुनाई दे , साझी विरासत हो और साझी ही बहन-बेटियां , सहयोग हो , सामाजिकता हो , सादा खाना हो , मोटा पहनावा हो । ऐसा ही तो था मेरा गाँव , सरल औ...

डांग- एक अभिनव आख्यान

डांग: परिपार्श्व कवि- कथाकार- विचारक हरिराम मीणा के नये उपन्यास को पढते हुए इसका एक परिपार्श्व ध्यान में आता जाता है। डाकुओं के जीवन पर दुनिया भर में आरम्भ से ही किस्से- कहानियाँ रहे हैं। एक जमाने में ये मौखिक सुने- सुनाये जाते रहे होंगे। तदनंतर मुद्रित माध्यमों के आने के बाद ये पत्र- पत्रिकाओं में जगह पाने लगे। इनमें राबिन हुड जैसी दस्यु कथाएं तो क्लासिक का दर्जा पा चुकी हैं। फिल्मों के जादुई संसार में तो डाकुओं को होना ही था। भारत के हिन्दी प्रदेशों में दस्यु कथाओं के प्रचलन का ऐसा ही क्रम रहा है। एक जमाने में फुटपाथ पर बिकने वाले साहित्य में किस्सा तोता मैना और चार दरवेश के साथ सुल्ताना डाकू और डाकू मानसिंह किताबें भी बिका करती थीं। हिन्दी में डाकुओं पर नौटंकी के बाद सैंकड़ों फिल्में बनी हैं जिनमें सुल्ताना डाकू, पुतली बाई और गंगा- जमना जैसी फिल्मों ने बाक्स आफिस पर भी रिकॉर्ड सफलता पायी है। जन- सामान्य में डाकुओं के जीवन को लेकर उत्सुकता और रोमांच पर अध्ययन की जरूरत है। एक ओर उनमें डाकुओं के प्रति भय और आतंक का भाव होता है तो दूसरी तरफ उनसे जुड़े किस्सों के प्रति जबरदस्त आकर्षण रहत...

मानिनी का मान : शिवानी

समीक्षा कविता कैसे हमारे बाहर- भीतर इर्द- गिर्द बिखरी है, बस उसे सृजनात्मक रूप से सहेजने की सामर्थ्य होनी चाहिए- इस बात को समझना है तो नूतन गुप्ता की कविताएँ आपकी मदद कर सकती हैं। कविताओं के भीतर किस विनम्रता और भाव- बोध से उतरना चाहिए और अवगाहन से जो हासिल हो, उसे सहजता से प्रस्तुत करें - यह समीक्षा ऐसा संदेश देती लगती है। शिवानी ने बड़े मनोयोग से इन निन्यानवें कविताओं का पाठ किया है, वह इस प्रक्रिया को उत्सव में बदल देता है। जिजीविषा की कहानी कविता की ज़ुबानी" जो पाया वो पाने की चाहत से कम था! पर और पाने के लिए ज़िन्दगी से चिरौरी न करके, पाए गए को सहेजने में ही लगे रहे! इसीलिए कहा कि "कम है तो अच्छा है!" जब बात संवेदनाओं की होती है तो उनके कम-ज्यादा होने की मापनी कैसे की जाए!जो एक बात किसी एक के लिए अति संवेदनशील होती है वही किसी दूसरे के लिए बिल्कुल साधारण सी भी हो सकती है! मगर उस साधारण सी बात को कहने का वैशिष्ट्य उसकी संवेदनशीलता को सर्वग्राही बना सकता है! नूतन गुप्ता जी की कविताओं से गुज़रते हुए यही बात सत्यापित होती है! बिना किसी कठिन शब्दावली और गूढ़ार्थ के,ये कव...